गाजियाबाद

लोनी में अंबेडकर प्रतिमा तोड़फोड़ मामले में दो गिरफ्तार

मुख्य आरोपी अब भी पुलिस पकड से दूर

सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों के आधर पर कार्रवाई
लोनी गाजियाबाद : थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र की इंद्रपुरी कॉलोनी के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्ध अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे
जानकारी के अनुसार, रविवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग किनारे स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। सुबह होते ही घटना की खबर इलाके में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और हालात पर काबू पाया। साथ ही लोगों की मांग पर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटवाकर नई प्रतिमा स्थापित कराई गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
मामले में पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों मनीष (26) निवासी संगम विहार और जॉन्टी उर्फ प्रिंस (26) निवासी सरस्वती विहार को गिरफ्तार किया गया। दोनों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button