
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। अनंत सेवा समूह द्वारा शहर के इलाइट मुक्तिधाम में चलित एलपीजी गैस शवदाह मशीन के माध्यम से राजपूत कालोनी के प्रियंशु सोनी पुत्र भगवती शरण सोनी का अंतिम संस्कार पूर्ण सनातन विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस सेवा कार्य का संचालन संस्था वरिष्ठ सदस्य दीपक सोनी एवं शिवचरन सोनी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संस्था सदस्य मुन्ना सोनी, डा.प्रबल सक्सेना, संजीव खरे, नीरज सोनी, कमलकांत सोनी, सुलभ गुप्ता, विकास श्रीवास्तव, आयुष जडिय़ा तथा मुख्य सचिव प्रशांत श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य सचिव प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि एलपीजी गैस आधारित इस शवदाह प्रणाली के उपयोग से एक परिवार द्वारा एक पेड़ कटने से बचाया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि इस मशीन के माध्यम से मात्र 90 से 100 मिनट में शवदाह प्रक्रिया पूर्ण हो जाती है तथा इसमें न धुआं निकलता है और न ही दुर्गंध उत्पन्न होती है। उन्होंने आगे बताया कि केवल प्राकृतिक एलपीजी गैस के दो व्यावसायिक सिलेंडरों से एक शवदाह संपन्न हो जाता है। इस प्रणाली की विशेषता यह भी है कि अंतिम संस्कार के तुरंत बाद अस्थियां परिजनों को सौंप दी जाती हैं। संस्था द्वारा यह सुविधा जनपदवासियों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। शवदाह का संपूर्ण खर्च संस्था स्वयं वहन करती है अथवा विशिष्ट सदस्यों द्वारा गैस सिलेंडर दान स्वरूप उपलब्ध कराए जाते हैं। संस्था का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण एवं समय की बचत को ध्यान में रखते हुए यह एक प्रभावी एवं उपयोगी व्यवस्था है, जिसमें सनातन परंपराओं के अनुरूप अंतिम संस्कार किया जाता है। संस्था द्वारा समाजसेवा के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।



