खैरथल

ग्रीष्मकाल में पेयजल शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु खैरथल में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित चल रहे परिवादों का समय पर निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने एवं एवरेज डिस्पोजल टाइम में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर विभागवार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए 30 दिवस से ऊपर लंबित परिवादों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टाइम एक्सीलरेशन के माध्यम से परिवादों के उच्च स्तर पर जाने को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को टाइमलाइन के अनुसार परिवादों के निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए और कहा कि सभी शिकायतों का समाधान गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर फीडबैक लें, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और इसका विधिवत रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं के समयबद्ध आधार एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना (Action Plan) तैयार करें।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि ग्रीष्मकाल 2026 के दौरान जिले में पेयजल व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की गई है। यह नियंत्रण कक्ष अधीक्षण अभियन्ता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, वृत खैरथल के कार्यालय परिसर, किशनगढ़बास नया बस स्टैण्ड के पास दिनांक 1 मार्च 2026 से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 01460-298735 तथा व्हाट्सएप नम्बर 7374917525 निर्धारित किया गया है, जिस पर आमजन पेयजल संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि 24 घंटे शिकायतों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। कंट्रोल रूम के प्रभारी के रूप में सहायक अभियन्ता श्री सीताराम सैनी (मोबाइल: 7734082242) तथा सह-प्रभारी के रूप में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी श्री अशोक कुमार मीणा को नियुक्त किया गया है। प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक सुश्री रिद्विमा शर्मा (कनिष्ठ सहायक) एवं श्री राहुल बंसल (कनिष्ठ सहायक), शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक श्री यश गुप्ता (कनिष्ठ सहायक) एवं श्री वेदप्रकाश शर्मा (वरिष्ठ सहायक) तथा रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक श्री साहिल खान (कनिष्ठ सहायक) एवं श्री प्रीतम सिंह (कनिष्ठ सहायक) ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अतिरिक्त श्री संजीव कुमार सैनी (वरिष्ठ सहायक) एवं श्री नीरज शर्मा (वरिष्ठ सहायक) को रेस्ट रिलीवर के रूप में नियुक्त किया गया है।
अधीक्षण अभियंता ने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को संबंधित अभियन्ता को तुरंत सूचित कर उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतों का समुचित रिकॉर्ड पंजिका में दर्ज करें। साथ ही कर्मचारियों को दूरभाष पर वार्ता करते समय मृदुभाषी एवं संयमित व्यवहार रखते हुए “नमस्कार कंट्रोल रूम पीएचईडी खैरथल” कहकर संवाद प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियन्ता धर्मवीर सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार नियंत्रण कक्ष के कार्मिक प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे तक शिकायतों एवं उनके निस्तारण की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में ई-मेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे, ताकि उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की जा सके।
बैठक के दौरान समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, उपनिदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, कृषि अधिकारी गोपाल लाल मीणा, सहायक निदेशक कोऑपरेटिव वेद प्रकाश सैनी, वन विभाग, पुलिस, राजीविका, बिजली, कृषि, वन, शिक्षा, सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button