उपासना मरांडी की पहल से अखड़ासोल में लगा 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
New 25 kVA transformer installed in Akhradasol through Upasana Marandi's initiative.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़। देवीनगर पंचायत के ग्राम अखड़ासोल में लंबे समय से जारी बिजली संकट से ग्रामीणों को राहत मिली है। ग्रामीणों की मांग पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य श्रीमती उपासना मरांडी की पहल के बाद गांव में 25 केवीए का नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित थी। इससे ग्रामीणों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे थे। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से उपासना मरांडी से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपासना मरांडी ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान के लिए पहल की। इसके बाद विभाग की ओर से अखड़ासोल गांव में 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपासना मरांडी के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने से रोजमर्रा के कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई और पेयजल व्यवस्था में भी सुविधा होगी। इस संबंध में उपासना मरांडी ने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव पहल आगे भी जारी रहेगी।



