शामली
“ऑपरेशन सवेरा” के तहत युवाओं को नशा-मुक्त जीवन का संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली/आदर्शमंडी। जनपद में चल रहे “ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत शामली पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर उन्हें सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना आदर्शमंडी पुलिस टीम द्वारा मुंडेट तिराहे पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने युवाओं को खेलकूद, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस दौरान अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन दें, ताकि वे नशे जैसी बुराई से दूर रह सकें।
अभियान के प्रमुख संदेशों में बताया गया कि—
नशा व्यक्ति के शरीर और मन दोनों को कमजोर करता है, पढ़ाई और करियर पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, परिवार में तनाव बढ़ाता है तथा व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल सकता है। इसके अलावा नशे पर होने वाला खर्च आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है।
पुलिस की अपील:
शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन अपनाएं और समाज को नशा-मुक्त बनाने में सहयोग करें। पुलिस द्वारा “ऑपरेशन सवेरा” के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।
