पाकुड़ में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक, 27-28 जुलाई तक शेष Enumeration Form अपलोड कराने पर जोर
Important Congress meeting in Pakur; emphasis placed on uploading remaining enumeration forms by July 27–28.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में रविवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की उपस्थिति में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंट (BLA), पंचायत अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के Enumeration Form समय पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा कराने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फॉर्म जमा करने के लिए अब केवल दो-तीन दिन का समय शेष है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं से SIR अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश फॉर्म BLO द्वारा अपलोड किए जा चुके हैं, जबकि कुछ फॉर्म अभी लंबित हैं। इस पर आलमगीर आलम ने निर्देश दिया कि 27 एवं 28 जुलाई तक सभी शेष फॉर्म प्राथमिकता के आधार पर अपलोड करा दिए जाएं, जिससे किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने SIR अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, कांग्रेस महासचिव उदय लखमणि, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, शाहीन परवेज, असद हुसैन, बेलाल शेख, अमीर हमजा शेख, मजीबुर रहमान, रामविलास महतो, पियारुल इस्लाम आदि समेत काफी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।



