जालौन
चतेला की मजार पर फिर नहीं हुआ मेला व कब्बाली का आयोजन
विरोध के बीच प्रशासन की कार्रवाई, एसडीएम की अगुवाई में पुलिस ने रुकवाया कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कदौरा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम चतेला स्थित गाजी मिंयां की मजार पर इस वर्ष भी कव्वाली और मेले का आयोजन नही हुआ। हिंदू संगठनों के विरोध और अनुमति प्रक्रिया पूरी न होने के चलते प्रशासन ने कार्यक्रम रुकवा दिया।
बताया जाता है कि उक्त मजार को विशेष समुदाय द्वारा सालार गाजी मसूद के नाम से जाना जाता है, जहां हर वर्ष मेला और कव्वाली का आयोजन होता रहा है। बीते वर्ष भी इसी तरह के विरोध के चलते प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी थी, जिससे आयोजन नही हो सका था। इस बार भी मजार कमेटी द्वारा मेले और कब्बाली की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया जा रहा था तथा प्रशासन से अनुमति के लिए आवेदन भी किया गया था। कब्बाली और अन्य धार्मिक कार्यक्रम 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित थे। इसी बीच कार्यक्रम की जानकारी हिंदू संगठनों को लगने पर विरोध शुरू हो गया। बढ़ते विवाद को देखते हुए शनिवार को एसडीएम मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मजार परिसर पहुंचा और चल रही तैयारियों को रुकवा दिया। एसडीएम ने बताया कि आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति प्रक्रिया पूरी नही की गई थी, जिसके कारण मेला और कव्वाली कार्यक्रम को रोक दिया गया। वहीं हिंदू संगठन के प्रतिनिधि नीलाभ शुक्ल का कहना है कि सालार गाजी को विदेशी आक्रांता बताया जाता है, इसलिए उनके नाम पर किसी भी प्रकार का आयोजन नही होने दिया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मजार परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और आयोजन नही हो सका।


