बोकारो

हजारीबाग में पत्रकारों पर हमला निंदनीय, होगा पुरजोर विरोध : मो. इस्तियाक अहमद

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान पर समझौता नहीं, रामगढ़ में दुर्व्यवहार हुआ तो मिलेगा करारा जवाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। हजारीबाग में पत्रकारों पर हुए हमले की घटना ने पूरे क्षेत्र के मीडिया जगत में रोष की लहर पैदा कर दी है। घटना की कड़ी निंदा करते हुए पत्रकार इस्तियाक अहमद ने कहा कि पत्रकारों पर किसी भी प्रकार का हमला केवल व्यक्तियों पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आंख, कान और आईना होते हैं, जो हर परिस्थिति में सच को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में उन पर हमला करना या उन्हें डराने धमकाने की कोशिश करना बेहद गंभीर विषय है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
पत्रकार मो. इस्तियाक अहमद ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि यदि रामगढ़, जिले में किसी भी पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी या हमला करने की कोशिश हुई तो पत्रकार श्री अहमद चुप नहीं बैठेगा। इसका लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से करारा जवाब दिया जाएगा। श्री अहमद ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना हम जैसे पत्रकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मीडिया कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

श्री अहमद ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि हजारीबाग की घटना में शामिल दोषियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की जाए तथा उन्हें सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई नहीं होती है, तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने आगे कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की रीढ़ है। यदि इसे कमजोर करने का प्रयास किया गया, तो इसका नुकसान पूरे समाज को उठाना पड़ेगा।

पत्रकारों में आक्रोश, एकजुटता का संदेश

घटना के बाद रामगढ़, हजारीबाग बोकारो और आसपास के जिलों के पत्रकारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब चुप्पी नहीं साधी जाएगी। यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गई तो सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button