ललितपुर
भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते कक्षा 8 तक के स्कूल बंद करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए कक्षा 8 तक के विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि इन दिनों ललितपुर में तापमान लगातार बढ़ रहा है और हीट वेव का प्रकोप भी तेज हो गया है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। विशेष रूप से नर्सरी से कक्षा 8 तक के बच्चे तेज धूप और अत्यधिक गर्मी को सहन करने में असमर्थ हैं। स्कूल आने-जाने के दौरान तथा विद्यालय में रहने के समय उन्हें लू, डिहाइड्रेशन और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। नगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा ने प्रशासन से अपील की है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा बाद में भी जारी रह सकती है, लेकिन बच्चों का जीवन और स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है। ज्ञापन में प्रशासन से शीघ्र उचित निर्णय लेने की मांग की गई है, ताकि बच्चों को इस भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप से सुरक्षित रखा जा सके। इस दौरान पूर्व नगराध्यक्ष हरीबाबू शर्मा, अजय प्रताप सिंह तोमर, महेन्द्र पनारी, राजा राजपाल सिंह, पुनीत देवलिया, मो.आसिफ, मु.उवेश खान के अलावा अनेकों कांग्रेसी मौजूद रहे।