नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। थाना क्षेत्र के गांव जगनपुर में एक व्यक्ति के घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम जगनपुर निवासी देवी सिंह पुत्र ब्रह्म सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे गांव का ही जेकी पुत्र केसो उनके घर में घुस आया और उन्हें तथा उनके बच्चों को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी।पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर गांव के काला पुत्र सतपाल और कुलदीप पुत्र भूल्लन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। कैराना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
