जालौन

छात्र जीवन में परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखें

मेधावियों के सम्मान से गूंजा परशुराम इंटर कॉलेज, टॉपर्स पर बरसे मेडल और पुरस्कार

 हाईस्कूल में संचित ने 90.5 फीसदी व इंटर में जान्हवी 83.6 प्रतिशत अंक लेकर बनीं विद्यालय टॉपर
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। परशुराम इंटर कॉलेज, गणेश नगर गड़ेरना (माधौगढ़) में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक धीरज द्विवेदी ने की। समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण ज्ञान और प्रेरणा से ओतप्रोत हो उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. आश्रय सिंह (संयोजक बुंदेली सेना) उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्म प्रकाश द्विवेदी, उपप्रधानाचार्य सोहित यादव एवं प्रबंधक धीरज द्विवेदी ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे होनहार छात्र ही विद्यालय और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके सहयोग की सराहना की। यदि परिणामों की बात करें तो हाईस्कूल वर्ग में संचित कुशवाहा ने 90.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में छात्रा जान्हवी ने 83.6 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन किया। अन्य कई विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिन्हें मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकार बंधुओं में प्रिंस द्विवेदी, अजीत उपाध्याय, संजय कुमार, महेंद्र गौतम, कपिल रावत, रामवीर सिंह चैहान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से बार-बार गूंजता रहा। मेधावियों को सम्मानित होते देख अन्य विद्यार्थियों में भी आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा जागृत हुई। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभा का सम्मान ही सफलता की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button