
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 3 की गलियां तीन व चार में हुए जलभराव तथा गंदे पेयजल की आपूर्ति से परेशान स्थानीय नागरिकों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। राजनगर कॉलोनी के दर्जनों महिला और पुरुष नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पालिका परिषद की अध्यक्ष रंजीता धामा से मुलाकात कर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। कॉलोनी के निवासी टिल्लू प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में नाले का पानी ओवरफ्लो होकर पाइपलाइन की ओर फैल रहा है, जिससे हमारी गलियों में गंदा पानी जमा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में संचालित डेयरियों से निकलने वाला गोबर और गंदा पानी नालियों में डाला जा रहा है, जो नाले में जाकर जाम की स्थिति पैदा कर रहा है। इसके अलावा नाले में मोड़ देने के कारण भी नाले का पानी नहीं निकल पा रहा है
इस कारण जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और गली-मोहल्लों में गंदे पानी का जमाव हो गया है। लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। जलभराव के चलते मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी या तो आता ही नहीं है, और यदि आता भी है तो उसमें बदबू और गंदगी होती है, जो पीने योग्य नहीं है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि जलभराव और गंदे पानी की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। प्रर्दशन करने वाले में राजपाल राठी, धर्म चंद भाटी,बाबू यादव, राकेश राठी, गुड्डी मलिक, देवेन्द्री उर्फ गुड्डी, मिथलेश,बाला पांचाल ,शिवम् सहित दर्जनों महिलाएं और पुरुष शामिल थे


