शामली

 नाले जाम, गलियां जलमग्न; गंदे पानी में खड़े होकर ग्रामीणों ने किया विरोध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। कस्बे के खोखरी नदी मुहल्ला भडी जाने वाली गली में नालों की सफाई न होने से हालात बिगड़ गए हैं। साजिद के घर के पास वाली सड़क पर गंदगी के कारण नाले जाम हो गए, जिससे पानी गलियों में फैल गया और कई रास्ते जलमग्न हो गए। परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को गंदे पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग उठाई।
खोखरी नदी मुहल्ले की मुख्य गली में  नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। गुरुवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब नाले पूरी तरह जाम हो गए और घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। इससे न केवल आवागमन बाधित हुआ, बल्कि लोगों के सामने स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी खड़ा हो गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान गफ्फार, मुस्तूफा, इमरान, लिल्ला, प्रवेज, इरफान, उमरी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि नाले जाम होने से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से तुरंत नाले की सफाई कराने की मांग की है।
सचिव बोले—एक सप्ताह पहले ही कराई थी सफाई
ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही नालों की सफाई कराई गई थी, लेकिन कुछ लोग अपने घरों का कूड़ा नालों में डाल देते हैं, जिससे समस्या दोबारा खड़ी हो जाती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होना चाहिए। साथ ही आश्वासन दिया कि शुक्रवार को दोबारा नाले की सफाई कराई जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button