गोड्डा
गोड्डा डीसी ने सुंदरपहाड़ी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सुंदरपहाड़ी। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा सुंदरपहाड़ी प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन करते हुए संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओ जैसे पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा राजस्व से संबंधित कार्यों, जैसे दाखिल-खारिज, भूमि विवादों के निष्पादन एवं ऑनलाइन पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ एवं समय पर प्राप्त हो तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर जन समस्याओं का मौके पर ही समाधान करें। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की, अंचल अधिकारी सुंदरपहाड़ी प्रकाश बेसरा सहित सोशल मीडिया पदाधिकारी मिथिलेश कुमार के अलावा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।



