जालौन

जनगणना-2027 में जालौन रहेगा अग्रणी, आज से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया 

 एडीएम ने नागरिकों से की अपील, सही जानकारी देकर मजबूत बनाएं विकास की नींव 

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान 7 मई 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य की विकास यात्रा का आधार है। सही जानकारी से ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, आवास, पेयजल एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कर पाती है।
उन्होंने कहा कि नागरिक अब घर बैठे स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार द्वारा आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है, जहां मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। स्व-गणना अभियान 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना करते समय परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक एवं सही-सही भरना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि परिवार द्वारा सर्वाधिक उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज का विवरण सही अंकित किया जाए, जिससे जनहित की योजनाओं का बेहतर आकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। बाद में जब प्रगणक घर पहुंचेगा तो नागरिकों को वही दिखानी होगी, जिसके आधार पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि जनगणना देश के विकास की मजबूत आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इसे सफल बनाती है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि हमारी जनगणना, हमारा विकास का उद्देश्य सफल हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है। जनपद प्रशासन द्वारा भी व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button