पुलिस ने 48 घंटे में किया अंधे हत्याकांड का खुलासा
हत्या को सडक दुर्घटना का रूप देने का किया गया था प्रयास,05 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : दिनांक 06 मई को रामपायली थाना अंतर्गत ग्राम गर्राबोडी के जंगल मार्ग में एक युवक का संदिग्ध और अर्धनग्न हालत में शव मिला था । सूचना पर थाना रामपायली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक युवक सड़क किनारे बाइक सहित मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान तरुण लिल्हारे निवासी खैरलांजी के रूप में हुई। मौके पर मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे । पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच मे लिया था ।
मृतक का पीएम कराए जाने पर रिपोर्ट में शरीर पर अनेक गंभीर बाहरी चोटों के कारण मौत होना पाया गया। जांच के दौरान मृतक के पिता टोपसिंह लिल्हारे द्वारा बताया गया कि मृतक का ग्राम ऐरवाटोला निवासी युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था तथा युवती की शादी अन्यत्र तय होने के कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद एवं तनाव की स्थिति बनी हुई थी। उक्त तथ्यों के आधार पर जांच के दौरान बारात की वीडियोग्राफी, मोबाइल कॉल डिटेल एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसमें मृतक घटना वाली रात शादी समारोह में उपस्थित होना पाया गया। विवेचना में ज्ञात हुआ कि शादी समारोह में मृतक एवं युवती के परिजनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने मृतक को शादी स्थल के पीछे ले जाकर हाथ-मुक्कों एवं लाठी-डंडों से बेरहमीपूर्वक मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि मृतक तरुण लिल्हारे एवं युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था युवती की शादी अन्यत्र तय होने एवं मृतक के शादी समारोह में पहुंचने से युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने मृतक के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। बाद में घटना को सड़क दुर्घटना दर्शाने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल सहित जंगल मार्ग में फेंककर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया। घटना में शामिल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे, कपड़े एवं अन्य सामग्री जप्त की गई।




