बाराबंकी
ब्लॉक सभागार में जनगणना के लिए स्व-गणना प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली स्थानीय ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को जनगणना के लिए स्व-गणना प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कार्यक्रम प्रभारी एडीओ पंचायत संजीव कुमार, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक स्वामीदीन सोनी आदि लोगो ने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम सचिवों और तकनीकी सहायकों को जनगणना व स्व-गणना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
खण्ड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार ने जनगणना 2027 को अधिक सटीक और आधुनिक बनाने के लिए स्व-गणना की सुविधा प्रदान की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि स्व-गणना की अधिकतम सहभागिता के लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान, शिविर आयोजित करके प्रत्येक व्यक्ति को स्व गणना के संबंध में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि समाज के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
खंड विकास अधिकारी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मोबाइल पर स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई और उसका अभ्यास भी करवाया। उन्हें बताया गया कि https://se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा, विवरण भरना होगा और 12 अंकों का रेफरेंस नंबर सुरक्षित रखना होगा तथा भारत सरकार के निर्देशानुसार, स्व-गणना की अवधि 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। इस सुविधा से नागरिक घर बैठे मोबाइल के माध्यम से जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे सटीकता और समय की बचत होगी। प्रगणक के आने पर केवल रेफरेंस नंबर दिखाना पर्याप्त होगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अनिल वर्मा, नीरज कुमार, अजय कुमार, उमाकांत राव, नूर मोहम्मद, रंजीत कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य राम नरेश यादव सहित जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।



