
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। सड़क सुरक्षा को लेकर शामली पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। “बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल” अभियान के तहत शुक्रवार को जनपदभर में यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 298 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 236 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर किए गए।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
यातायात निरीक्षक निधि चौधरी एवं उनकी टीम ने अंजता चौक, रोडवेज बस अड्डा, बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक और शिव चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं आम नागरिकों को हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क हादसों में जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से बचने, नशे में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील भी की। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना दंडनीय अपराध बताते हुए अभिभावकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

