ओवरलोड टोटो से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल, धनबाद रेफर
Woman seriously injured after falling from overloaded Toto, referred to Dhanbad
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के शकरपुर मोड़ के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि महिला एक चलती टोटो में सवार होकर कहीं जा रही थी। इसी दौरान वाहन में क्षमता से अधिक सवारी होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और महिला सड़क पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो में ओवरलोडिंग की वजह से महिला ठीक से बैठ नहीं पाई थी। अचानक झटका लगने पर वह चलती गाड़ी से नीचे गिर गई, जिससे उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद महिला बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घायल महिला की पहचान शकरपुर निवासी सोमर राय की पत्नी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां महिला की हालत को लेकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग करने वाले टोटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


