ललितपुर
बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन को निकले नवदंपति का ललितपुर में भव्य स्वागत
सनातन धर्म के प्रचार के लिए 11,600 किमी की पदयात्रा पर अहमदाबाद का दंपति
अब तक 8 ज्योतिर्लिंगों के कर चुके हैं दर्शन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और देश के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के संकल्प के साथ गुजरात के अहमदाबाद निवासी नवदंपति 25 वर्षीय नीलेश राजानी एवं 24 वर्षीय सोनिया राजानी इन दिनों देशव्यापी पदयात्रा पर हैं। दोनों केदारनाथ धाम से यात्रा प्रारंभ कर लगभग 11 हजार 600 किलोमीटर की पैदल यात्रा के माध्यम से देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का संकल्प लेकर निकले हैं। अब तक करीब नौ माह की यात्रा में दोनों लगभग साढ़े नौ हजार किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर चुके हैं और आठ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं। शेष चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने के लिए दोनों अगले पांच माह तक यात्रा जारी रखेंगे और अक्टूबर माह तक संकल्प पूरा करने का लक्ष्य है। मध्य प्रदेश के सागर शहर से होते हुए शनिवार को दोनों ललितपुर पहुंचे, जहां रावतयाना कैलगुवा रोड स्थित गोपीचंद डोडवानी के आवास पर उनका फूल-मालाओं और केसरिया दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। नीलेश और सोनिया ने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग 40 से 50 किलोमीटर पैदल चलते हैं, जिसमें करीब सात घंटे का समय लगता है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के कपाट 31 मई तक बंद हैं, इसलिए वह पुन: केदारनाथ जा रहे हैं और 2 जून को वहां पहुंचकर दर्शन करेंगे। दंपति ने बताया कि उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा में अयोध्या निवासी सिंधु एकता मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश ओमी का विशेष सहयोग मिल रहा है। अब तक वह देश के विभिन्न शहरों में 175 सिंधी परिवारों के यहां ठहर चुके हैं। ललितपुर से दोनों अपनी अगली पदयात्रा के लिए तालबेहट रवाना हुए। इस दौरान गोपीचंद डोडवानी, रायचंद डोडवानी, राकेश चंदानी, हरविंदर सलूजा, डा.दीपक चौबे, विनोद खत्री, राजीव पटवारी, विनिता डोडवानी, वंशिका डोडवानी सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।



