
जनसुनवाई में महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन
स्थान परिवर्तन नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम खेडलीबाजार की महिलाओं और ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी आमला को ज्ञापन सौंपकर गांव के बीच संचालित शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि शराब दुकान गांव के बीचोंबीच स्थित है, जिसके चारों ओर अस्पताल, सेवा सहकारी समिति, शासकीय स्कूल और रहवासी क्षेत्र हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि दुकान पर प्रतिदिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं होती रहती हैं, जिससे महिलाओं, राशन दुकान पर आने वाली महिलाओं और स्कूल की छात्राओं में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर 11 मार्च को एसडीएम आमला, 21 अप्रैल को कलेक्टर बैतूल को आवेदन दिया जा चुका है। वहीं 1 अप्रैल को ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर दुकान के स्थान परिवर्तन की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर शराब दुकान संचालक से जुड़े लोग धमकी दे रहे हैं। सीएम हेल्पलाइन सहित उच्च अधिकारियों से लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शराब दुकान का स्थान परिवर्तन नहीं किया गया तो जनहित में चक्काजाम, भूख हड़ताल और आमरण अनशन जैसे आंदोलन किए जाएंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और शराब दुकान ठेकेदार की होगी।




