बेतुल
बैतूल घोड़ाडोंगरी कॉलेज में व्यक्तित्व विकास और डिजिटल लत से बचने की दी सीख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। अखिल विश्व गायत्री परिवार, तहसील समन्वय समिति घोड़ाडोंगरी द्वारा युवा जोड़ो अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी में व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण और डिजिटल एडिक्शन पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में पूर्व प्राचार्य संतोष कुमार जैन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अनुशासन के साथ प्रयास करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
सारनी से आए विनोद कुमार झरबड़े ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान बताए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, रील्स और गेम्स में अधिक समय बिताने से पढ़ाई, एकाग्रता और पारिवारिक संबंध प्रभावित होते हैं। विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करने और डिजिटल लत से बचने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. साहेबराव झरबड़े ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन युवा प्रकोष्ठ प्रभारी हेमंत साहू ने किया। तहसील समन्वयक मनोज पाटणकर ने आभार व्यक्त किया। प्रो. हेमंत निरापूरे सहित राहत पवार, मुन्नालाल, सुनील शर्मा, डॉ. यासमीन जिया, डॉ. पंकज गायकवाड़, डॉ. राजेश आर्य, डॉ. ओम प्रकाश बोरकर, डॉ. भूपेंद्र पाटनकर और महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।


