शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
महिला अपराधों के खिलाफ अभियान में कांधला पुलिस को मिली सफलता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना कांधला पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर के आधार पर सात मई 2026 को थाना कांधला में मोहल्ला खैल शिव मंदिर के पास निवासी राहुल पुत्र महिपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के निकट पर्यवेक्षण में थाना कांधला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पुत्र महिपाल निवासी मोहल्ला खैल शिव मंदिर के पास कस्बा व थाना कांधला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमरदीप एवं हेड कांस्टेबल तनुज कुमार शामिल रहे।