खन्द्रावली हत्याकांड में वांछित अभियुक्ता गिरफ्तार
थाना कांधला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हत्या मामले में कार्रवाई जारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खन्द्रावली स्थित ओमपाल मुखिया के बाग के पास युवक की हत्या के मामले में थाना कांधला पुलिस ने वांछित चल रही एक अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि एक मई 2026 को शामली से खन्द्रावली जा रहे युवक आशु पुत्र वीरेन्द्र निवासी ग्राम खन्द्रावली के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को जिला अस्पताल शामली में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत सिर में गोली लगने से होना पाया गया था।
मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कांधला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वाट, सर्विलांस टीम व थाना कांधला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मई को अभियुक्त आकाश कुमार पुत्र गोवर्धन निवासी मोहल्ला गड़रियान, थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर को अवैध तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। इसके बाद पांच मई को 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मोहित उर्फ शंकर पुत्र संजय निवासी मोहल्ला गड़रियान थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के निकट पर्यवेक्षण में थाना कांधला पुलिस ने सोमवार को मामले में वांछित अभियुक्ता मंजू पुत्री सतपाल उर्फ सत्यपाल निवासी ग्राम खन्द्रावली थाना कांधला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।