सीबीएसई इंटर परीक्षा परिणाम में भास्कर इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन
मुस्कान ने 93.2 प्रतिशत अंक लेकर किया टॉप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। भास्कर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय की छात्रा मुस्कान ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा इरम ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा छात्रा अक्सा ने 82.4 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन एमएन कुरैशी एडवोकेट एवं डायरेक्टर एमएफ कुरैशी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नौशाद अली ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का सुखद परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहता है और आने वाले समय में भी छात्र-छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों का तांता लगा रहा। सफल विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता रहेगा, ताकि वे उच्च मुकाम हासिल कर सकें।