
लखनऊ । मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। ससुर ने मुखाग्नि दी। सत्ता से लेकर विपक्ष के कद्दावर नेता घर से लेकर बैकुंठ धाम तक मौजूद रहे। राजधानी लखनऊ में सपा संस्थापक मुलायम सिंह के बेटे व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बृहस्पतिवार दोपहर बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी संख्या में परिवार के लोग और सत्ता व विपक्ष के नेता मौजूद रहे। इस दौरान पूरा बैकुंठधाम लोगों की भीड़ से पट गया। पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
बृहस्पतिवार सुबह से प्रतीक यादव के घर श्रद्धांजलि देने वालों की कतार लग गई। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष के कई बड़े नेता सुबह से प्रतीक यादव के घर उनको आखिरी विदाई देने के लिए पहुंचे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, मंत्री ओम प्रकाश राजभर, बेबी रानी मौर्य, पूर्व सांसद कौशल किशोर, विधायक जय देवी, मंत्री सतीश शर्मा, विधायक राजेश्वर सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह, प्रतीक के चाचा शिवपाल यादव, भाभी डिंपल यादव, भाई धर्मेंद्र यादव सहित विपक्ष के कई नेता उनके घर बारी-बारी से श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।
सुबह करीब 11.58 प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा उनके बंगले विष्णुपद से शुरू हुई। समाजवादी पार्टी दफ्तर से अर्थी को पैदल ही लोग लेकर पहुंचे। इसके बाद वहां से फूलों से सजाए गए शव वाहन पर शव को रखकर बैकुंठ धाम तक पहुंचाया गया।
बैकुंठधाम पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव, डिप्टी सीएम बृजेश यादव, शिवपाल यादव, अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद धर्मेंद्र यादव सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि-बैकुंठ धाम पर प्रतीक का शव पहुंचने के बाद लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। इस बीच हर जुबान पर एक ही बात की चर्चा थी कि अर्थी का मुखाग्नि कौन देगा। परिवार से चाचा और रिश्ते के भाई सब मौजूद थे। चर्चा के बीच प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट अर्थी तक पहुंचे, तब जाकर लोगों को पता चला कि मुखाग्नि वह देंगे। इसके बाद दोपहर 1.54 मिनट पर ससुर ने दामाद प्रतीक यादव को मुखाग्नि दी।



