बेतुल
बैतूल नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने किया उग्र प्रदर्शन
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला

विशाल मशाल जुलूस में शामिल हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम शहर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में निकाले गए विशाल मशाल जुलूस में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
शाम 6 बजे जय स्तंभ (लल्ली चौक) कोठीबाजार से मशाल जुलूस की शुरुआत हुई। हाथों में मशाल लिए कांग्रेस कार्यकर्ता युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो, पेपर लीक कराने वाली सरकार जवाब दो जैसे नारे लगाते हुए बस स्टैंड मार्ग से अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां सभा के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया।
सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल: डागा
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस युवाओं के हक और भविष्य की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।
– मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय
जिला संगठन महामंत्री ब्रजभूषण पांडे ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में गड़बड़ी होना देश के शिक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय सरदार यादव और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष जैद खान ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव समीर खान, जितेंद्र सिंह इवने, लोकेश पगारिया, महिला कांग्रेस से मोनिका निरापुरे सहित कांग्रेस के ब्लॉक, उपब्लॉक, नगर, मंडलम पदाधिकारी, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ और जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने घोषणा की कि 20 मई से 25 मई तक जिले के सभी ब्लॉक एवं मंडलम मुख्यालयों पर भी इसी तरह विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।




