ललितपुर

पानी और बिजली की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निस्तारण : डीएम

समाधान दिवस में अधिकारियों को लगाई फटकार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। महरौनी तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी, बिजली, जमीनी पैमाइश और वरासत से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान फील्ड में जाकर किया जाए, कार्यालय में बैठकर नहीं। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं को अपने पास बुलाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से निस्तारण कराया। इस दौरान अधिकांश शिकायतें बिजली कटौती, पेयजल संकट और भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम ग्रामीण तथा जल संस्थान के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वह आमजन के फोन रिसीव करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। जमीनी पैमाइश, वरासत और राजस्व कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों और कानूनगो को फटकार लगाई। साथ ही तहसीलदारों को पैमाइश कार्यों की नियमित निगरानी कर प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का स्वगणना कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। तहसील महरौनी में कुल 223 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व के 106, पुलिस के 53, विकास के 11, चकबंदी के 08, पूर्ति के 09, विद्युत के 09, नगर पंचायत के 02 तथा अन्य विभागों के 25 मामले शामिल रहे। इनमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील तालबेहट में कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व के 40, पुलिस के 26, विद्युत के 04, पूर्ति के 04, विकास के 02 तथा अन्य विभागों के 19 मामले शामिल रहे। इनमें से 17 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील ललितपुर में कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व के 10, पुलिस के 06, विद्युत के 03 तथा अन्य विभागों के 10 मामले शामिल रहे। इनमें से 04 शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया। तहसील मड़ावरा में कुल 27 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व के 15, पुलिस के 08 तथा अन्य विभागों के 04 मामले शामिल रहे। इनमें से 06 शिकायतों का निस्तारण किया गया। तहसील पाली में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व के 09, पुलिस के 07, चकबंदी के 02, विद्युत के 02 तथा अन्य विभाग का 01 मामला शामिल रहा। इनमें से 01 शिकायत का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, एसडीएम महरौनी रजनीश बाजपेयी, डीआईओ, जिला बन्दोबस्त अधिकारी राकेश कुमार सिंह, प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button