अमरोहा

भैंस चोरी गैंग का पर्दाफाश, 14 मुकदमों में वांछित बदमाश समेत तीन गिरफ्तार

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के थाना सैदनगली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 14 मुकदमों में वांछित एक शातिर बदमाश सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया तथा क्षेत्राधिकारी हसनपुर पंकज कुमार त्यागी के पर्यवेक्षण में थाना सैदनगली प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो गांवों से चोरी की गई तीन भैंसों को कुछ बदमाश छोटा हाथी वाहन में भरकर बेचने ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनपुर पुलिया सकतपुर रोड पर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन तेजी से पुलिस टीम की ओर बढ़ा दिया, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। वाहन रुकने पर पीछे बैठा एक अभियुक्त भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली कांस्टेबल रोहित कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल अभियुक्त फूलकुवंर निवासी उझारी थाना सैदनगली समेत उसके साथी लुकमान निवासी मछरिया थाना रहरा तथा दानिश कुरैशी निवासी जयतौली थाना रहरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार फूलकुवंर पर विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दानिश कुरैशी पर भी कई संगीन मुकदमे दर्ज पाए गए।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तीन चोरी की भैंसें, एक तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन संख्या DL1LAF2080 बरामद किया है। बरामद भैंसें थाना सैदनगली में दर्ज दो चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button