
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 11 स्थित पंजू सराय में जर्जर सड़क को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। केंद्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और महिलाएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा खराब सड़क के निर्माण कराने की मांग उठाई।
लोगों का कहना है कि पंजू सराय में करीब 25 मीटर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोगों बाहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
सोमवार को क्षेत्रवासी अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि अधिकारियों द्वारा ज्ञापन एडीएम को दिलवा दिया गया और कहा गया कि कुछ समय बाद जिलाधिकारी से मुलाकात करा दी जाएगी। काफी देर तक इंतजार करने के दौरान एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जिलाधिकारी कार्यालय के सामने ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर तक वहीं पड़ी रही, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में संगठन के पदाधिकारियों ने एंबुलेंस बुलाकर महिला को अस्पताल भेजा। घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
इस मोके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एड आलम मलिक, दानिश मलिक, अंकित यादव, मज़हर मलिक, सुनील सैनी,दिलशाद, सुहैल अमरोही, फरमान अहमद,अजहर सिंह आदि लोग शामिल रहे



