गाजियाबाद

डीएलएफ अंकुर विहार में बढ़ीं चोरी,झपटमारी की वारदातें।       

दिल्ली बॉर्डर पर कमजोर सुरक्षा व्यवस्था या बेखौफ बदमाश? मध्यमवर्गीय परिवारों में दहशत 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली-लोनी बॉर्डर पर स्थित डीएलएफ अंकुर विहार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और झपटमारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में हुई कई आपराधिक वारदातों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय क्षेत्रवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
दो दिन में चोरी की दो बड़ी घटनाएं
18 मई  को डीएलएफ अंकुर विहार के एसएलएफ वेद विहार क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार, ए ब्लॉक में चोरों ने एक परिवार की स्प्लेंडर प्लस 2023 मॉडल मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना जिंदल रोड से जुड़े उस मार्ग की है जहां दिन-रात आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर आसानी से बाइक चोरी कर ले जाने में सफल रहे।
वहीं दूसरी घटना एसएलएफ वेद विहार बी ब्लॉक स्थित प्लॉट नंबर 74 में हुई, जहां परिवार के करावल नगर जाने के दौरान चोरों ने घर को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने गेट के ऊपर लगा शीशा तोड़कर फ्लैट में प्रवेश किया और तीन अंगूठियां, पायल, सोने की चेन, करीब 42 हजार रुपये नकद तथा महंगी साड़ियां व सामान चोरी कर ले गए।
खाली प्लॉटों में बैठकर शराब पीने पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बॉर्डर से सटे दिल्ली क्षेत्र में एक मकान से खुलेआम शराब बेची जाती है। वहां से शराब खरीदने वाले लोग एसएलएफ वेद विहार के खाली प्लॉटों में बैठकर शराब पीते हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि असामाजिक तत्वों की यही गतिविधियां अपराध को लगातार बढ़ावा दे रही हैं।
मोबाइल लूट की घटनाओं से दहशत
चोरी की घटनाओं से पहले भी क्षेत्र में मोबाइल लूट की वारदातें सामने आ चुकी हैं। अप्रैल माह में एमएम रोड पर एक युवक से मोबाइल छीना गया था। वहीं 15-16 मई के आसपास एक बच्ची से भी मोबाइल लूटने की घटना हुई थी। क्षेत्र में लगातार मोबाइल  झपटमारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।
पुलिस व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिल्ली बॉर्डर होने के कारण पुलिस समन्वय और निगरानी कमजोर दिखाई देती है। लोगों का आरोप है कि नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने से बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इधर सोशल मीडिया पर अंकुर विहार थाने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। कुछ लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि वास्तविक घटनाओं को दबाकर अन्य मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चोरों ने पुलिस को दी खुली चुनौती
क्षेत्र में चर्चा है कि हाल ही में एक स्थानीय छुटभैए नेता द्वारा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा किए जाने के बाद बदमाशों ने लगातार कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के सामने अपनी चुनौती पेश कर दी है।
क्षेत्रवासियों की पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों  से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और खाली प्लॉटों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button