जालौन

कोतवाली, एसओजी, सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ में पकड़ा शातिर बाइक चोर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। बीती रात्रि कोतवाली उरई पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर और पुलिस मुठभेड़ जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहे शातिर अपराधी सुनील कुशवाहा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा उरई कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी के विभिन्न मुकदमों में वांछित अपराधी सुनील कुशवाहा चुर्खी चैराहे से इकलासपुरा चैराहे के बीच मरघट के पीछे संपर्क मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली उरई पुलिस और एसओजी, सर्विलांस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की जिसमें अभियुक्त सुनील कुशवाहा के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अवैध असलाहा एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्त को पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त सुनील कुमार कुशवाहा पुत्र रामऔतार निवासी ग्राम बघावली थाना रामपुरा का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ जालौन जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आम्र्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह चार मामलों में वांछित चल रहा था तथा माधौगढ़ में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में सक्रिय गैंग सदस्य भी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button