ललितपुर

बुढ़वार में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जेसीबी और डम्पर जब्त

सरकारी भूमि पर हो रही थी अवैध खुदाई, चालक दस्तावेज नहीं दिखा सके

पुलिस अभिरक्षा में सौंपे गए वाहन
ललितपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश एवं अपर जिलाधिकारी के निर्देशन में खनिज, राजस्व और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात ललितपुर तहसील के ग्राम बुढवार में छापेमारी कर अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरा डंपर जब्त किया। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम बुढवार क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां एक जेसीबी मशीन से खुदाई होती मिली, जबकि एक डम्पर बिना वैध परमिशन मिट्टी परिवहन करते हुए पाया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों से खनन एवं परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी दौरान चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। बाद में दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली ललितपुर पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। पूछताछ में वाहन चालकों ने बताया कि कथित रूप से यह अवैध खनन कार्य कुआंतला गांव के वर्तमान प्रधान द्वारा कराया जा रहा था। आरोप है कि लंबे समय से राजस्व, सिंचाई एवं वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी खनन कराया जा रहा था। खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुमति खनन या खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में भारी बेचैनी देखी जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button