
खाना खाने के बाद हुई उल्टी तो बहन पर लगाया जहर देने का आरोप, बचाने पहुंची पड़ोसी महिलाओं को भी नहीं बख्शा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। क्षेत्र के गांव मलकपुर में मंगलवार दोपहर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई, जहां एक भाई ने शक के आधार पर ऐसा खूनी खेल खेला कि पूरा गांव दहल उठा। सगी बहन, 20 दिन की दुधमुंही भांजी समेत चार महिलाओं पर तेजधार दांव से हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव मलकपुर निवासी सद्दाम मंगलवार दोपहर घर पहुंचा और अपनी बहन इमरानी से खाना मांगा। बहन ने उसे खाना खिलाया, लेकिन कुछ देर बाद सद्दाम को उल्टी हो गई। आरोप है कि उसने खाने में जहर मिलाने का शक जताया और अचानक आपा खो बैठा। बताया गया कि गुस्से में उसने घर में रखा तेजधार दांव उठा लिया और अपनी सगी बहन इमरानी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद 20 दिन की नवजात बच्ची, जो आरोपी की सगी भांजी है, वह भी उसकी हैवानियत का शिकार बन गई और उस पर भी हमला कर दिया गया। घर से उठ रही चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की मुस्कान पुत्री इमरान और सीमा पत्नी गुफरान मौके पर पहुंचीं और घायल बहन व मासूम को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने दोनों महिलाओं पर भी दांव से हमला बोल दिया। देखते ही देखते घर खून से सन गया और चारों महिलाएं घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।बताया गया कि घायल महिला इमरानी की शादी गांव मंडावर निवासी नौशाद के साथ हुई थी। वह कुछ दिन पहले ही अपनी नवजात बच्ची के साथ मायके आई थी। लेकिन उसे क्या पता था कि मायके में उसका अपना भाई ही उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सद्दाम मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
——–
रिश्तों को शर्मसार कर गया हमला
जिस भाई को बहन की ढाल बनना था, वही उसकी जान लेने पर उतारू हो गया। जिस मामा को भांजी की मुस्कान की रक्षा करनी थी, उसी ने मासूम पर हथियार उठा लिया। इस घटना ने गांव ही नहीं पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




