गोड्डा

पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाए जाए : डीसी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में डीसी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति, लाभुकों को मिल रहे लाभ, लंबित मामलों के निष्पादन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बिंदुवार समीक्षा की गई। दौरान मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, सर्वजन पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत मामलों, लंबित मामलों एवं भुगतान की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की गई। उपायुक्त ने योजनाओं से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को किसी भी परिस्थिति में योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाए।
डीसी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन योजनाओं के माध्यम से वृद्धजन, विधवा महिलाएं, दिव्यांगजन एवं अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक संबल प्रदान किया जाता है। उन्होंने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बरती जाए तथा लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में आधार सीडिंग, बैंक खाता सत्यापन, लंबित ई-केवाईसी, भुगतान में आ रही तकनीकी समस्याएं एवं ऑनलाइन आवेदन निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों का भुगतान तकनीकी कारणों से लंबित है, उनके मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी प्रखंडों में नियमित रूप से शिविर आयोजित कर पात्र लाभुकों का आवेदन प्राप्त करने एवं समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया। डीसी ने कहा कि आमजनों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर तक योजनाओं की मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय बढ़ाने पर भी बल दिया गया। बैठक में जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी श्री अभय कुमार झा,संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button