नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र की रघुनाथ कॉलोनी, नगरपालिका के वार्ड-17 स्थित उत्तरांचल विहार सोसाइटी (अरुण देव फार्म हाउस के सामने) की गली नंबर-5 में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बेहटा फीडर से जुड़ी इस लाइन में जर्जर और नीचे लटकते बिजली तारों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विधुत विभाग इस समस्या की पूरी तरह से अनदेखी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार गली में करीब दो दर्जन मकान बने हुए हैं, जहां बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए केबिल पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। मुख्य खंभे से लगभग 70 मीटर से अधिक दूरी तक बिना अतिरिक्त पोल और सहारे के तार खींचकर घरों में कनेक्शन दिए गए हैं। इसके चलते बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं और आए दिन शॉर्ट सर्किट होने से उनमें चिंगारियां निकलती रहती हैं। इससे गली वासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ समय पहले ही गली में तीन-चार नए बिजली कनेक्शन जारी किए गए थे। लोगों ने सवाल उठाया कि जब नए कनेक्शन दिए गए तो क्या विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था या केवल औपचारिकताएं पूरी कर दी गईं। बिना पोल लगाए कनेक्शन देना विभागीय लापरवाही और नियमों की अनदेखी को दर्शाता है।
गलीवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात में और भी खतरनाक हो जाते हैं। नीचे लटकते तार बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नए पोल लगाकर तारों को व्यवस्थित नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर तथा बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जल्द समाधान की मांग की है। शिकायत पत्र पर कृष्ण कुमार शर्मा, महीपाल सिंह, रामबीर सिंह, बबली देवी, वीरेंद्र, गौरव ठाकुर, लोकेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, मानशी, नीरज कुमार, लक्ष्मी, आबिद सहित कई स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षर हैं।
अब क्षेत्रवासियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिजली विभाग किसी बड़ी अनहोनी के बाद जागेगा या लोगों की सुरक्षा को देखते हुए समय रहते कार्रवाई करेगा।

