बेंगलुरु में बड़ा हादसा टला
लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया विमान का टेल स्ट्राइक, 179 यात्री बाल-बाल बचे

दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट अक2651 लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक का शिकार हो गई, जिससे विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। इस घटना में सभी 179 यात्री सुरक्षित हैं, और विमान को विस्तृत जांच के लिए रोक दिया गया है।
21 मई, गुरुवार को लैंडिंग के दौरान विमान के पिछले हिस्से में किसी तरह की टक्कर होने के बाद दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को रोक दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि विमान में सवार सभी लोग, जिनमें यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे, सुरक्षित है और वे सामान्य रूप से विमान से उतर गए। विमान का पिछला हिस्सा अचानक रनवे से टकरा गया, जिससे कुछ पल के लिए यात्रियों की सांसें अटक गईं। इस विमान में 179 लोग सवार थे। एयर इंडिया ने बताया कि विमान संख्या अक2651 को विस्तृत जांच के लिए रोक दिया गया है।
एयर इंडिया ने कहा कि संबंधित नियामक प्राधिकरणों के समन्वय से स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार घटना की जांच की जाएगी। विमान को रोके जाने के बाद, बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान अक2652 रद्द कर दी गई है। एयरलाइन ने कहा कि वह प्रभावित यात्रियों के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि बेंगलुरु में हमारी ग्राउंड टीमें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं। प्रवक्ता ने आगे कहा कि असुविधा के लिए एयर इंडिया खेद व्यक्त करती है। हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अनुसार, टेल स्ट्राइक तब होती है जब विमान का टेक-आॅफ, लैंडिंग या गो-अराउंड के दौरान विमान की स्थिति ऐसी होती है कि उसकी पूंछ रनवे के संपर्क में आ जाती है, जिसके परिणामस्वरूप नियंत्रण खोना और रनवे से बाहर निकलना जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इसमें आगे कहा गया है कि हालांकि आम तौर पर जानमाल के नुकसान का खतरा कम होता है, लेकिन इन घटनाओं से विमान को काफी नुकसान हो सकता है, मरम्मत की लागत बढ़ सकती है, विमान का डाउनटाइम बढ़ सकता है, रखरखाव-मरम्मत संगठन की क्षमता का उपयोग बढ़ सकता है और राजस्व का नुकसान हो सकता है।



