बोकारो

बढ़ती गर्मी बना रही खतरा, पर्यावरण बचाने की जरूरत — बाब्लू आनंद महतो

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। देशभर में लगातार बढ़ रही गर्मी अब लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुँच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कें दोपहर में सुनसान दिखाई दे रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्राकृतिक रक्षण के संस्थापक बाब्लू आनंद ने कहा कि यह केवल मौसम परिवर्तन नहीं बल्कि प्रकृति की चेतावनी है। उन्होंने कहा कि लगातार पेड़ों की कटाई, बढ़ता प्रदूषण और जल स्रोतों की अनदेखी के कारण आज पर्यावरण असंतुलित होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भी बहुत से लोग जागरूक नहीं हैं। शिक्षा और पर्यावरण की सही जानकारी नहीं होने के कारण लोग जंगलों में जाकर अंधाधुंध पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। यही कारण है कि हर साल गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। बाब्लू आनंद ने कहा कि यदि सरकार और समाज समय रहते गांव-गांव और शहर-शहर पर्यावरण जागरूकता अभियान नहीं चलाते हैं, तो आज जो तापमान 45 डिग्री तक पहुँच रहा है, वह आने वाले समय में 50 डिग्री के पार जा सकता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रकृति के साथ इसी तरह खिलवाड़ चलता रहा, तो एक दिन लोग भीषण गर्मी से परेशान होकर अपनी जान तक गंवाने लगेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं बल्कि मानव जीवन को बचाने की लड़ाई है।
बाब्लू आनंद ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने सरकार से स्कूलों, गांवों और पंचायत स्तर पर पर्यावरण शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रम चलाने की मांग भी की।
साथ ही लोगों से गर्मी के दौरान अधिक पानी पीने, जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने और पशु-पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील की गई। बढ़ती गर्मी के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बनती जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button