
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। भीषण गर्मी के बीच चौसाना क्षेत्र में करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार देर रात चौसाना व आसपास के गांवों के दर्जनों ग्रामीण चौसाना बिजलीघर पहुंच गए और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि 44 डिग्री तापमान में लंबे समय तक बिजली नहीं मिलने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में विद्युत पोल टूट जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। दिनभर मरम्मत कार्य चलता रहा, लेकिन देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लगातार बढ़ रही परेशानी के चलते ग्रामीण रात करीब 10 बजे बिजलीघर पहुंच गए और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान लोगों ने जल्द बिजली चालू करने की मांग की।
हंगामे के बीच बिजली आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान चौसाना बिजलीघर पर तैनात एसएसओ रवि आपूर्ति चालू कर रहे थे, तभी मशीन में अचानक फ्लशिंग हो गई। फ्लशिंग के कारण आग की चिंगारी निकली और उनका हाथ झुलस गया। घटना के बाद बिजलीघर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथियों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया।
ग्रामीणों का कहना था कि गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान रहीं। कई घरों में पानी की भी समस्या खड़ी हो गई। बढ़ते विरोध और हंगामे को देखते हुए विद्युत विभाग की टीम ने तेजी से काम किया। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चालू कर दी गई, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

