पुलिस लाइन शामली में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
शामली। पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन शामली की ओर से शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, महिला आरक्षियों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम द्वारा लोगों की आंखों की विस्तृत जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। जांच के दौरान दृष्टिदोष, आंखों में जलन, कमजोरी एवं अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को उचित उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने, संतुलित आहार लेने तथा आंखों की सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी बताया।
पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याणार्थ इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
