शामली
थानाभवन पुलिस ने आशा बहनों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
थानाभवन। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए थाना थानाभवन पुलिस द्वारा शुक्रवार को थाना परिसर में आशा बहनों के साथ एक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में साइबर ठगी से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं एवं मिशन शक्ति अभियान के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने हाल ही में आशा बहनों को माध्यम बनाकर की जा रही साइबर ठगी की घटनाओं के बारे में जानकारी देते हुए साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों से अवगत कराया।
गोष्ठी में उपस्थित आशा बहनों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल अथवा व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही ऐसे मामलों की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा थाना पुलिस द्वारा सभी आशा बहनों को थाना पुलिस का सीयूजी नंबर उपलब्ध कराया गया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। थाना पुलिस ने आशा बहनों से गांव और क्षेत्र स्तर पर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर ठगी से बचाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए गए।
