कैराना
तीन बेटियों की मां से मारपीट का आरोप, ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कस्बे के मोहल्ला अंसारियान छोटा इमामबाड़ा निवासी एक महिला ने अपने पति, जेठ, ननद और पड़ोसन पर मारपीट तथा घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला अंसारियान छोटा इमामबाड़ा निवासी हीना पत्नी नसीम ने कैराना कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी ननद नखीसा उनके साथ ही रहती है। आरोप है कि गुरुवार शाम उसके जेठ वसीम, पड़ोसन सलमा, ननद नखीसा तथा पति नसीम ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई हैं। पीड़िता का कहना है कि उसकी तीन छोटी बेटियां हैं और आरोपित अक्सर उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। आरोप है कि उसे घर छोड़कर चले जाने के लिए दबाव बनाया जाता है तथा मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति कोई काम नहीं करता और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग नहीं करता। पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।