पाकुड़

पचुवाड़ा नॉर्थ कोल ब्लॉक में एनडीआरएफ ने चलाया आपदा जागरूकता एवं सुरक्षा प्रशिक्षण अभियान

NDRF conducts disaster awareness and safety training campaign in Pachwara North Coal Block

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त पाकुड़ के निर्देशानुसार रविवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की पटना इकाई द्वारा पचुवाड़ा नॉर्थ कोल ब्लॉक अंतर्गत डांगापाड़ा स्थित SHAR कैंपस में परिचयात्मक अभ्यास एवं सामुदायिक जागरूकता सह आपदा तैयारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में BGR Mining and Infra Pvt Ltd तथा West Bengal Power Development Corporation Limited (WBPDCL) के बड़ी संख्या में कर्मचारी, अधिकारी एवं कंपनी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं आम लोगों को आपदा, दुर्घटना एवं आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया एवं बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करना था। एनडीआरएफ टीम ने बताया कि किसी भी दुर्घटना या आपदा की स्थिति में आसपास मौजूद लोग ही प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले व्यक्ति (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन की बुनियादी जानकारी होना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम ने विभिन्न जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के शरीर से होने वाले रक्तस्राव को रोकने के उपाय, उपलब्ध संसाधनों से प्राथमिक उपचार देने की विधि तथा फ्रैक्चर की स्थिति में घायल व्यक्ति को सुरक्षित रखने एवं प्रभावित अंग को स्थिर रखने की तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) का प्रदर्शन रहा। एनडीआरएफ विशेषज्ञों ने बेहोशी अथवा सांस रुकने की स्थिति में सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा एनडीआरएफ टीम ने बांस, कंबल, रस्सी एवं कपड़ों जैसी स्थानीय सामग्रियों की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने की विधि भी प्रदर्शित की। साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से अस्पताल अथवा सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बिजली गिरने (लाइटनिंग) एवं आंधी-तूफान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से खनन क्षेत्र एवं खुले स्थानों में कार्य करने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखने तथा सुरक्षित आश्रय लेने की सलाह दी गई। इस दौरान प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। एनडीआरएफ अधिकारियों ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में शांत रहकर सूझबूझ से कार्य करने तथा सामुदायिक सहयोग की महत्ता पर बल दिया। कार्यक्रम को प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक बताया। उपस्थित लोगों ने एनडीआरएफ टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में दुर्घटनाओं एवं आपदाओं के समय लोगों के लिए काफी सहायक सिद्ध होंगे। अंत में एनडीआरएफ टीम को आपदा जागरूकता एवं सुरक्षा प्रशिक्षण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button