बागपत

राष्ट्र निर्माण में बेटियों की भूमिका सबसे अहम : योगेंद्र कुमार सरोहा

आर्य वीरांगना शिविर के चौथे दिन योग, आत्मरक्षा और संस्कारों का मिला संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। नगर के डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में राष्ट्रीय आर्य वीर दल द्वारा आयोजित सात दिवसीय “आर्य वीरांगना योग एवं चरित्र निर्माण शिविर” के चौथे दिन वीरांगनाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्साह देखने को मिला। शिविर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इसके उपरांत बालिकाओं को सूर्य नमस्कार, योगाभ्यास, पीटी तथा कदमताल का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही लाठी संचालन, तलवार प्रशिक्षण एवं आत्मरक्षा से संबंधित अभ्यास भी कराए गए।
विशेष बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए समाजसेवी योगेंद्र कुमार सरोहा ने कहा कि संस्कारित और आत्मनिर्भर बेटियां ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति, अनुशासन और आत्मरक्षा का ज्ञान भी आवश्यक है। उन्होंने युवतियों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
शिविर संयोजक आचार्य धर्मवीर आर्य ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य बेटियों को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रसेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
शिविर में भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों पर आधारित विभिन्न बौद्धिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान शिक्षिका सुमेधा आर्या के मार्गदर्शन में शिक्षिकाओं स्वाति आर्य, समीक्षा, सृष्टि, परी एवं तनु ने प्रशिक्षण गतिविधियों का संचालन किया। वहीं राजेश उज्जवल एवं ऋतु आर्य के नेतृत्व में शिविर की व्यवस्थाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button