ललितपुर
हीट वेव और आपदा प्रबंधन को लेकर सिविल डिफेंस व आपदा मित्रों की बैठक आयोजित
अग्निशमन विभाग ने दिया आग बुझाने का डेमो, डॉक्टरों ने सिखाया सीपीआर प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर बढ़ती हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्रों की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि एएसपी कालू सिंह तथा एसडीएम भूपेंद्र उपस्थित रहे। इस दौरान हीट वेव, अग्निकांड एवं अन्य आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आमजन को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सिविल डिफेंस टीम एवं आपदा मित्रों को गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नव नियुक्त सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स को आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा सिविल डिफेंस सेक्टर वार्डनों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण के उपायों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने फायर इक्विपमेंट चलाकर आग बुझाने की प्रक्रिया समझाई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डा.देशराज दोहरे ने उपस्थित लोगों को सीपीआर का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने आपदा के समय बचाव के उपाय, सावधानियां तथा क्या करें और क्या न करें विषय पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों, पत्रकारों, यूट्यूबर्स, सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्रों सहित करीब 125 लोग उपस्थित रहे।


