ललितपुर
साइबर क्राइम सेल ने ऑनलाइन ठगी के 86 हजार रुपये वापस कर दिलाई राहत
तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई से पूरी धनराशि खाते में कराई वापस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। साइबर क्राइम सेल पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई एक पीडि़ता की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से पीडि़ता के चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल की गई। जिला चिकित्सालय निवासी वर्षा विलयम्स पुत्री ई.आर. विलियम्स के साथ ऑनलाइन माध्यम से 86,109 की वित्तीय धोखाधड़ी हुई थी। इस संबंध में पीडि़ता द्वारा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर क्राइम सेल पुलिस ने पीडि़ता के बैंक स्टेटमेंट एवं अन्य दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद विभिन्न वित्तीय एजेंसियों, बैंकों एवं वॉलेट कंपनियों से संपर्क कर संबंधित खातों को होल्ड कराया गया। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते ठगी गई पूरी 86,109 की धनराशि नियमानुसार पीडि़ता के खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीडि़ता ने एसपी एवं साइबर क्राइम सेल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनुराग अवस्थी, साइबर क्राइम सेल के कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह एवं संदीप की विशेष भूमिका रही।


