
विवेक जैन अभिलाषा तहसील अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
पत्रकार दिवस के रूप में मनाई गई संस्थापक की पुण्यतिथि
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक बालेश्वर लालजी की 39वीं पुण्यतिथि पर स्थानीय गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकार भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं संगठन की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने संस्थापक के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनकी पुण्यतिथि को ग्रामीण पत्रकार दिवस के रूप में मनाया गया। बैठक के दौरान ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जिला एवं तहसील इकाई का पुनर्गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से सम्राट राजा को तीसरी बार पुन: जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि तहसील इकाई ललितपुर के अध्यक्ष पद पर विवेक जैन अभिलाषा निर्विरोध निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सम्राट राजा ने संस्थापक बालेश्वर लालजी के जीवन एवं संगठन के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जिस संगठन की नींव बलिया की धरती पर रखी थी, वह आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है और प्रदेशभर के पत्रकारों की आवाज बुलंद कर रहा है। वहीं तहसील अध्यक्ष विवेक जैन अभिलाषा ने कहा कि संगठन सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार कार्य करता रहा है और सभी पत्रकार मिलकर इसे और मजबूत बनाएंगे। बैठक में जिला कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें हरिओम निरंजन, प्रियंक सराफ और रामेश्वर पाल को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। भीष्म प्रताप सिंह, तुलसीराम अहिरवार और राजेंद्र गोस्वामी को जिला महामंत्री, अमित कालरा को जिला कोषाध्यक्ष, सुरेंद्र रजक, राजपाल यादव और सोहिब खान को जिला मंत्री नियुक्त किया गया। इमरान खान को जिला संगठन मंत्री, के.के.दुबे को जिला ऑडिटर तथा मोहित सोनी सहित कई पत्रकारों को जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। तहसील कार्यकारिणी में नवीन नायक, शिवम तिवारी एवं ऋषभ दुबे को तहसील उपाध्यक्ष, समीर पठान, राजवीर जाट और रमन सरदार को तहसील महामंत्री, पवन बुंदेला, ऋतिक कटारे एवं हर्ष चौबे को तहसील मंत्री बनाया गया। अंकित गुप्ता को तहसील कोषाध्यक्ष, सुधांशु मालवीय को तहसील मीडिया प्रभारी तथा भानु यादव को तहसील संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में झांसी मंडल सचिव डा. दिलीप सोनी, मड़ावरा तहसील अध्यक्ष विजय सेंगर, पाली तहसील अध्यक्ष मनीष तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।


