गोड्डा
गोड्डा पुस्तक मेला में सजेगा कवियों का महाकुंभ
नई दिल्ली की चर्चित कवयित्री अंकित सिन्हा करेंगी शिरकत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिला में आयोजित पुस्तक मेला अब साहित्यिक महोत्सव का रूप लेता जा रहा है। इसी कड़ी में समय इंडिया ट्रस्ट, नई दिल्ली की ओर से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के चर्चित कवि और कवयित्री अपनी प्रस्तुति देंगे। इस विशेष आयोजन में नई दिल्ली की चर्चित कवयित्री एवं मंच संचालिका अंकित सिन्हा भी भाग लेने गोड्डा पहुंच रही हैं।कवि सम्मेलन को लेकर जिले के साहित्य प्रेमियों, युवाओं और पुस्तक प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, हास्य-व्यंग्य, प्रेम और समकालीन विषयों पर आधारित कविताओं की प्रस्तुति होगी। मंच से कविता की ऐसी स्वर लहरियां गूंजेंगी, जो श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखेंगी। समय इंडिया ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्य और पुस्तकों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना है। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच देकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। पुस्तक मेले में विभिन्न प्रकाशनों की पुस्तकों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां पाठकों को धार्मिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षा, विज्ञान, इतिहास और बच्चों की किताबें उपलब्ध होंगी। कवि सम्मेलन को पुस्तक मेले का सबसे आकर्षक कार्यक्रम माना जा रहा है। आयोजकों ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। गोड्डा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर साहित्य और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा, जिससे जिले की साहित्यिक पहचान को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



