
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड एवं तालमेल की गुणवत्ता का सूक्ष्म अवलोकन किया तथा पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उच्च टर्नआउट एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में रि.कां.सुनील कुमार पाल थाना कोतवाली को 1000 रुपये, रि.कां. पुष्पेन्द्र सिंह थाना जखौरा को 500 रुपये, रि.म.कां.मनीषा कुमारी थाना जाखलौन को 1000 रुपये तथा रि.म.कां.शालिनी थाना जाखलौन को 500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन एवं कंट्रोल रूम सहित विभिन्न शाखाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डायल-112 के पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों में लगे वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब एवं अन्य आपातकालीन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश देते हुए रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अर्दली रूम का आयोजन कर विभिन्न शाखाओं के रजिस्टरों का अवलोकन किया गया तथा विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाहियों, शिकायतों एवं लंबित पत्रावलियों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

