शामली
ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। जनपद शामली में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में सम्पन्न हुआ। जिलेभर की ईदगाहों एवं मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने थाना कैराना क्षेत्र सहित जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों, ईदगाहों एवं नमाज स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, पीएसी एवं यातायात पुलिस की तैनाती की गई थी। वहीं ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों एवं मोबाइल पुलिस टीमों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने लगातार भ्रमणशील रहकर हालात का जायजा लिया तथा आमजन से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
नमाज के दौरान एवं उसके बाद पूरे जनपद में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
शामली पुलिस ने कहा कि जनपद में प्रभावी पुलिसिंग, सतर्क निगरानी एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्थाओं के चलते ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
